लातेहार: नगर पंचायत क्षेत्र में गुटखा, सिगरेट एवं तंबाकू की अवैध बिक्री के खिलाफ प्रशासन द्वारा विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में अंचल अधिकारी नंदकुमार राम, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन, सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा एवं एसआई सुरेंद्र कुमार महली के नेतृत्व में पुलिस बल सक्रिय रूप से शामिल रहा।
अभियान के दौरान कई दुकानों की जांच की गई, जहां नियमों के विपरीत गुटखा और सिगरेट की बिक्री हो रही थी। टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का सख्ती से पालन करें।
प्रशासन द्वारा विशेष रूप से स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों के आसपास स्थित दुकानों पर फोकस किया गया। इस क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, सदर अस्पताल तथा सीएम गर्ल्स स्कूल के आसपास की दुकानों की गहन जांच की गई।
अंचल अधिकारी ने दुकानदारों से अपील की कि संवेदनशील क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि यह अभियान बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, अवैध कारोबार पर रोक तथा नगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया।