घाघरा (गमला) : घाघरा प्रखंड के मकरा गांव स्थित सॉलिटेयर एकेडमी स्कूल पर शिक्षा के नाम पर गरीब अभिभावकों से अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। इस संबंध में घाघरा निवासी शिवेश्वर सिंह ने गुमला के उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पढ़ाई के नाम पर अभिभावकों से मनमाने ढंग से विभिन्न प्रकार के शुल्क वसूले जा रहे हैं। खासकर गरीब और मजदूर परिवार पर आर्थिक दबाव डाला जा रहा है, जिससे कई परिवारों के सामने बच्चों की पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्कूल प्रबंधन हर वर्ष किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्री बदल देता है, जिससे अभिभावकों को मजबूरन नई किताबें खरीदनी पड़ती हैं। इसके अलावा वार्षिक शुल्क के नाम पर भी अधिक राशि ली जा रही है।
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की मनमानी से गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर स्कूल प्रबंधन की मनमानी पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करता है तो इसके विरोध में आंदोलन भी किया जा सकता है। फिलहाल प्रखंडवासियों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।