अनुज तिवारी की रिपोर्ट,
मेदिनीनगर (पलामू):सदर प्रखंड क्षेत्र के जोरकट स्थित टोल प्लाजा पर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य पूरा किए बिना टोल टैक्स वसूली शुरू होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया। इंटक प्रदेश सचिव विवेकानंद त्रिपाठी ने इस मुद्दे पर हुंकार भरते हुए कहा कि जब तक सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा नहीं होता, तब तक टोल टैक्स की वसूली पूरी तरह गलत है।
शनिवार सुबह टोल वसूली शुरू होते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए और एक स्वर में इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि अधूरी सड़क पर टोल टैक्स वसूलना जनता के साथ अन्याय है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई ने अधूरे निर्माण के बावजूद टोल वसूली शुरू कर जनता से लूट का नया अध्याय शुरू कर दिया है।
काफी बातचीत और जद्दोजहद के बाद एनएचएआई के अधिकारियों और टोल वसूली करने वाली कंपनी के जीएम के साथ बैठक हुई। इस दौरान अधिकारियों ने सहमति जताते हुए कहा कि सदर प्रखंड के आसपास के पंचायतों की कमर्शियल और नॉन-कमर्शियल गाड़ियों से फिलहाल टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित पंचायतों के मुखिया और पंचायत समिति (प्रधान) से सत्यापन कराकर पांच दिनों के भीतर सूची जमा करनी होगी।
हालांकि इस निर्णय के बावजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से पहले टोल वसूली पूरी तरह अनुचित है।
वहीं आजाद समाज पार्टी के नेता अजय सिंह चेरो ने दुबियाखाड़ राजकीय मेले को प्रभावित होने से बचाने के लिए आठ पिलर वाले फ्लाईओवर की मांग को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों के समक्ष इस मांग को दोहराते हुए कहा कि इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पलामू सांसद की अनुशंसा मिलने के बाद इस मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।