रांची: रांची नगर निगम चुनाव खत्म होने और रोशनी खलखो के मेयर चुने जाने के बाद अब शहर की राजनीति का फोकस डिप्टी मेयर चुनाव पर आ गया है। डिप्टी मेयर पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और अलग-अलग दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने-अपने पार्षदों के समर्थन से डिप्टी मेयर चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। इसके लिए चुने हुए पार्षदों से लगातार संपर्क साधा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि डिप्टी मेयर पद के लिए चार से पांच पार्षद सक्रिय रूप से दावेदारी कर रहे हैं। इनमें कुछ पुराने पार्षद भी शामिल हैं, जो शहर की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में हैं। दावेदार पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका समर्थन मांग रहे हैं।
रांची नगर निगम के 53 पार्षद इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। इन्हीं के वोट से तय होगा कि शहर का अगला डिप्टी मेयर कौन बनेगा। पार्षदों के फैसले पर जनता की भी पैनी नजर है।
संभावित दावेदारों में वार्ड 26 के पार्षद प्रदीप कुमार का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। वहीं वार्ड 21 के पार्षद मो. एहतेशाम के नाम की भी चर्चा राजनीतिक गलियारों में हो रही है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पार्षदों का समर्थन किसे मिलता है और रांची का अगला डिप्टी मेयर कौन बनता है।