टक्कर के बाद कोयला लदा हाइवा चालक वाहन लेकर फरार
सिमरिया: प्रखंड मुख्यालय स्थित सुभाष चौक गोलंबर के पास शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे कोयला लदा हाइवा और राय (सरसों) लदा ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक का इंजन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, राय लदा ट्रक सरसों तेल मिल डेमोटांड़ के लिए बगरा के रास्ते सिमरिया से हजारीबाग की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुभाष चौक गोलंबर पार करने के क्रम में टंडवा की ओर से आ रहे कोयला लदे हाइवा से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर चक्रेश की दुकान के समीप जाकर रुका। यदि वाहन थोड़ी और दूरी तय करता तो सुबोध सिंह एवं चक्रेश सिंह की दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकती थीं। गनीमत रही कि बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के बाद राय की बोरियों को दूसरे ट्रक में लोड कर मिल भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त ट्रक फिलहाल चौक के पास खराब अवस्था में खड़ा है।