रिपोर्ट: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौनीदह के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पौड़ी सरना ग्राम निवासी लगभग 20 वर्षीय दीपक खेरवार और 19 वर्षीय अजीत उरांव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल से आदर गांव जा रहे थे। इसी दौरान मौनीदह के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह एवं एएसआई गणेश दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर घाघरा थाना ले आए। पुलिस के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा किसी बड़े वाहन की टक्कर से हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश में जुट गई है।
घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।