मंडरो।प्रखंड क्षेत्र में कालाजार सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम एवं समय पर पहचान के उद्देश्य से विशेष खोज अभियान लगातार जारी है। यह अभियान 15 दिसंबर से प्रारंभ होकर 30 दिसंबर तक चलेगा।अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांव-गांव जाकर डोर-टू-डोर सर्वे किया जा रहा है।
सोमवार को मिर्जाचौकी पीएससी के अंतर्गत सुपरवाइजर गेनालाल मंडल के नेतृत्व में नीमगाछी सहित आसपास के अन्य गांवों में कालाजार खोज अभियान चलाया गया।इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।नीमगाछी गांव में चल रहे कालाजार जांच अभियान के दौरान बोरियों विधानसभा क्षेत्र के झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक धनंजय सोरेन भी मौके पर पहुंचे।उन्होंने डोर-टू-डोर अभियान में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों से अभियान की प्रगति और कार्यप्रणाली की जानकारी हासिल की।विधायक ने स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कालाजार खोज अभियान में कोई भी घर छूटना नहीं चाहिए,ताकि समय रहते मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
विधायक धनंजय सोरेन ने कहा कि कालाजार जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए जागरूकता और समय पर जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करने पर जोर दिया। मौके पर विनोद टुडू, कलाधर प्रसाद सिंह संजीत प्रसाद सिंह इनामुल हक मकसूद आलम सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।