लातेहार। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और लक्ष्य-पूर्ति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कृषि विभाग की समीक्षा
बैठक में कृषि विभाग की प्रमुख योजनाओं—बीज विनिमय एवं वितरण, झारखंड कृषि ऋण माफी योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कृषि यंत्रीकरण कार्यक्रम एवं अन्य कृषि आधारित योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी तरीके से हो तथा लाभुकों को आवश्यक इनपुट समय पर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024–25 एवं 2025–26 की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत योग्य किसानों को लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बीज विनिमय एवं वितरण योजना के तहत लक्ष्य के विरुद्ध बीज वितरण कार्य को जल्द पूर्ण करने का आदेश दिया गया।
उपायुक्त ने सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों की ओर प्रेरित करने और कृषि तकनीकी शिविरों के माध्यम से आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती की जानकारी प्रदान करने को कहा।
पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग की समीक्षा
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत लाभुकों के बीच पशु वितरण आगामी बैठक से पहले सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सभी पशुओं का शत प्रतिशत वैक्सीनेशन कराने पर भी बल दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि पशुधन एवं गव्य विकास से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक ग्रामीणों तक पहुंचे और सरकार द्वारा उपलब्ध सुविधाएं समयबद्ध रूप से जमीन पर उतारी जाएं।
मत्स्य एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा
बैठक के दौरान जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और इससे संबंधित चल रही योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चा, जिला मत्स्य पदाधिकारी स्वर्णलता मधु लकड़ा, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुषमा प्रधिया, जिला गव्य विकास पदाधिकारी हरि कृष्ण, सहकारिता पदाधिकारी तथा संबंधित कर्मी उपस्थित थे।