बरहड़वा। बरहरवा–फरक्का मुख्य मार्ग पर हाल ही में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में मारे गए दो ग्रामीणों के परिजनों से सोमवार को कार्यकारी बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास ने मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
गौरतलब है कि रविवार को हुई दुर्घटना में बरारी निवासी 10 वर्षीय रंजीत सरदार की मौत हो गई थी, जबकि 29 नवंबर को सड़क हादसे में रामनगर निवासी 55 वर्षीय भावेश रजवार की जान चली गई थी।
अशोक दास दोनों शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचे और उनकी स्थिति जानी। उन्होंने अपने निजी स्तर से दो साड़ी, दो लुंगी, 25 किलो चावल, बिस्कुट, सरसों तेल, साबुन सहित आवश्यक गृहस्थी सामग्री प्रदान की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
मौके पर उत्तम मंडल, शरद मंडल, शंकर मंडल, शशि चंद्र बागती, शकील अहमद, मो. आफताब, मो. शमशेर, मो. इम्तियाज सहित कई लोग उपस्थित थे।