बरहरवा। पाकुड़ जिला के डाहलांगी, लिट्टीपाड़ा स्थित निर्मल हृदय मध्य विद्यालय के 224 बच्चे सोमवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत बसों से राजमहल पहुंचे। बच्चों ने यहां के ऐतिहासिक धरोहरों का दीदार किया और कई प्राचीन स्थलों के इतिहास को करीब से समझा।
विद्यालय के शिक्षक शामवेल बेसरा ने बताया कि शिक्षण के साथ-साथ बच्चों को पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक ज्ञान देने के उद्देश्य से यह भ्रमण कराया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों ने ऐतिहासिक सिंघी दलान, फेरी घाट, सूर्य देव घाट, रेलवे स्टेशन, मुख्य बाजार, माझी थान, बाराद्वारी, जामी मस्जिद और मोती झरना जैसे प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर उनके इतिहास एवं महत्व को जाना।
उन्होंने यह भी बताया कि छात्रों ने इन सभी स्थलों की मनमोहक झलकियों को अपने कैमरे में कैद किया और इस यात्रा का भरपूर आनंद लिया।
भ्रमण के दौरान शिक्षक जोसेफ हांसदा, मिस दुखी टुडू, रेनुयुस टूडू सहित अन्य विद्यालय कर्मी भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया।