गोमिया। नवरात्रि पर्व को लेकर गोमिया में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से विशेष अपील जारी की गई है। जिला मंत्री शिशु ठाकुर और जिला सह मंत्री महेश स्वर्णकार ने संयुक्त बयान देते हुए कहा कि नवरात्रि में आयोजित गरबा और डांडिया जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में केवल हिंदू भाई-बहन ही शामिल हों। आयोजकों का यह दायित्व है कि वे इस बात को सुनिश्चित करें।
नेताओं ने कहा कि गरबा और डांडिया हिंदू आस्था और परंपरा से जुड़े हुए हैं। ऐसे आयोजनों में गैर-हिंदुओं की भागीदारी को लेकर कई बार विवाद और आपत्तिजनक घटनाएं सामने आई हैं। हाल के दिनों में भी कुछ जगहों पर इस तरह की घटनाएं घटित हुई हैं, जहां कार्यक्रम के बहाने हिंदू बहनों के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें दर्ज की गईं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से न केवल धार्मिक माहौल बिगड़ता है, बल्कि आस्था को भी ठेस पहुंचती है।
विहिप और बजरंग दल नेताओं ने आयोजकों से आग्रह किया कि सभी प्रतिभागियों की पहचान पत्र जांचकर ही प्रवेश दिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस निर्देश का पालन नहीं होता और किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी कार्यक्रम आयोजकों की होगी।
शिशु ठाकुर और महेश स्वर्णकार ने आगे कहा कि नवरात्रि शक्ति उपासना का पर्व है और इसमें शुचिता तथा मर्यादा का पालन करना आवश्यक है। सभी हिंदू समाज के लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
अंत में दोनों नेताओं ने जिलेवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।