रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला),
घाघरा (गुमला): गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सेरेंगदाग क्षेत्र के चूल्हामाटी गांव से एक पिकअप वाहन समेत लगभग ₹1 लाख मूल्य की शाल की लकड़ी को शनिवार को जब्त कर लिया। लकड़ी को अवैध रूप से काटकर पिकअप वैन में भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन वन विभाग की टीम की सतर्कता से तस्करों की योजना विफल हो गई।
वन विभाग के अधिकारी शेखर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शाल की लकड़ी की बड़ी खेप को सेरेंगदाग-लप्सर मार्ग से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वनरक्षी सनील राम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। चूल्हामाटी गांव के समीप पिकअप वाहन को रोकने पर उसका चालक गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।
तलाशी में वाहन से अवैध रूप से भरी शाल की लकड़ी के बोटे मिले, जिनकी कीमत लगभग ₹1 लाख आंकी गई। वाहन और लकड़ी को जब्त कर आदर नाका ले जाया गया।
फॉरेस्टर शेखर सिंह ने बताया कि अवैध वन कटाई और बॉक्साइट उत्खनन को रोकने के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें उन्हें लगातार सफलता मिल रही है। उनकी कार्रवाई से लकड़ी तस्करों और बॉक्साइट माफियाओं में दहशत का माहौल है। झारखंड का यह इलाका खनिज संपदा और घने जंगलों से समृद्ध है, जिस पर लंबे समय से माफियाओं की नज़र रही है।
उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।