दुमका:- इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान जामा, दुमका में उद्यमिता विकास कार्यक्रम के तहत् महिलाओं के लिए एक साथ दो प्रशिक्षण माइक्रोएंटरप्राइज व साबुन निर्माण एवं 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शुरू किया गया। इसमें जामा, मसलिया, रामगढ़, जरमुंडी के कुल 65 प्रशिक्षणर्थियों को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि जामा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री सिद्धार्थ शंकर यादव, आरसेटी के निदेशक पंकज कुमार चौधरी, जेएसएलपीएस जामा के बीपीएम मीनाती सिंह, एवं दीदियों के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने प्रशिक्षणर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी महिलाएं पूरी लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें, साथ ही उन्होंने महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए कहा कि गाँव की महिलाएं अपने कैरियर के लिए बहुत ज्यादा जागरूक है। उन्होंने सभी से कहा कि आप सभी को किसी भी तरह की परेशानी हो तो आप हमसे सीधे संपर्क करें जहाँ तक हो सके आपके समस्याओं का समाधान किया जायेगा। आरसेटी के निदेशक पंकज कुमार चौधरी ने सभी चयनित प्रशिक्षुओं को पूरे मनोयोग से सीखने एवं शत प्रतिशत मन लगाकर कार्य करने के लिए उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने कहा कि माइकोइंटरप्राइज वो साबुन निर्माण के तहत सभी दीदियों को घर में उपयोग होने वाली सुगन्धित साबुन, सर्फ, फिनाइल, हार्पिक आदि बनाने का प्रशिक्षण दिया जायेगा साथ ही अनेक प्रकार के मशरूम सिखाये जायेंगे जिसमें बटन मशरूम,ओयस्टर मशरूम,दूधिया मशरूम आदि। निदेशक पंकज कुमार चौधरी ने सभी प्रशिक्षुओं से कहा कि प्रशिक्षण के अलावे आप सभी को बैंकिग और विभिन्न सरकारी प्रायोजित योजनाओं के बारे में, व्यासाय प्रबंधन में सॉफ्ट स्किल्स , उधमशीलता दक्षताओं , समय प्रबंधन और संचार कौशल जैसे क्षेत्रों की भी जानकारी प्रदान की जायेगी। इस मौके पर जामा जेएसएलपीएस के बीपीएम मीनाती सिंह,आरसेटी के संकाय सदस्य उत्पल कुमार लाहा, अमरदीप कुमार कार्यालय सहायक मनोज कुमार सिंह तथा संजय सोरेन एवं अन्य उपस्थित थे।