हुसैनाबाद/पलामू: पलामू जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (नगरपालिका)समीरा एस ने मंगलवार को हुसैनाबाद अनुमंडल सभागार में हुसैनाबाद नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय कुमार भारती और सभी वार्ड पार्षद को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।इस अवसर पर उपायुक्त ने हुसैनाबादवासियों को शान्तिपूर्ण मतदान कराने में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि संविधान का अनुपालन करते हुए अपने क्षेत्राधिकार का उपयोग विकास कार्यों के लिए करें।इसके अलावा उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि हुसैनाबाद के विकास के लिए हर प्रकार का सहयोग प्रशासन द्वारा दिया जाएगा साथ ही इस नगर पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए आप सभी प्रतिनिधियों को टीम भवना से मिलकर कार्य करना होगा।
उन्होंने हुसैनाबाद अंतर्गत विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन को लेकर स्थानीय नगर प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने की बात कही।मौके पर हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी गौरांग महतो,उप निर्वाचन पदाधिकारी रतन सिंह,बीडीओ हुसैनाबाद समेत अन्य मौजूद रहे।
कुल 10 मतों के साथ हुसैनाबाद नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बने सुनील कुमार चौधरी,निर्वाची पदाधिकारी ने सौंपा प्रमाण पत्र
अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण के पश्चात उपाध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न करवायी गयी। उपाध्यक्ष के चुनाव में दो अभ्यर्थियों ने भाग लिया जिसमें सुनील कुमार चौधरी को कुल 10 मत मिले जबकि अनवर आलम को 6।
इस तरह निर्वाची पदाधिकारी सह हुसैनाबाद भूमि सुधार उप समाहर्ता गौरांग महतो ने सुनील कुमार चौधरी को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा।वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई।मौके पर हुसैनाबाद बीडीओ समेत अन्य उपस्थित रहे।