लातेहार:जिले में संचालित आजीविका योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्कर्ष गुप्ता ने की।
बैठक में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों, स्वयं सहायता समूह (SHG) के गठन, आजीविका संवर्धन, वित्तीय समावेशन, बैंक लिंकेज, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने और अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बैंक लिंकेज की प्रक्रिया में तेजी लाने, पात्र समूहों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने तथा आजीविका गतिविधियों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही इंडेक्स रिपोर्ट खराब होने के कारण गारू और सरयू के बीपीएम को स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस संतोष कुमार, आरसेटी के निदेशक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, आजीविका समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।