पाकुड़: जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के त्रिकोणी गांव में देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण गांव निवासी सोम किस्कू का कच्चा मकान पूरी तरह से धराशायी हो गया।
घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य किसी तरह समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान गिरने से घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
पीड़ित परिवार फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे फिर से अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि तेज आंधी और बारिश के कारण इलाके में कई कच्चे घरों को नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन से प्रभावित परिवारों का सर्वे कर जल्द सहायता देने की अपील की गई है।