रिपोर्टिंग प्रेम कुमार साहू घाघरा गुमला,
गुमला: गुमला जिला प्रशासन एवं लोहरदगा ग्राम स्वराज संस्था, गुमला के संयुक्त तत्वाधान में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को घाघरा प्रखंड कार्यालय परिसर से बाल विवाह मुक्ति रथ को रवाना किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी दिनेश कुमार ने रथ पर हस्ताक्षर कर हरी झंडी दिखाकर इसे प्रखंड के विभिन्न गांवों के लिए रवाना किया।
इस मौके पर बीडीओ दिनेश कुमार ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से कम उम्र के लड़कों तथा 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों की शादी करना कानूनन अपराध है और इसके लिए दंड का भी प्रावधान है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान दें तथा बाल विवाह जैसी कुरीति को जड़ से समाप्त करने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस जागरूकता रथ के माध्यम से प्रखंड के गांव-गांव में जाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधान एवं इसके रोकथाम के उपायों की जानकारी दी जाएगी, ताकि समाज को इस कुरीति से मुक्त किया जा सके।