गोमिया।गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोदी टोला स्थित पानी टंकी के समीप पसरा टोला में बुधवार रात एक 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अन्नू कुमार भुईयां (21 वर्ष), पिता योगेंद्र भुईयां के रूप में हुई है। बताया गया कि अन्नू अपने ननिहाल में रहकर मजदूरी का काम करता था। मृतक के मामा बबलू भुईयां ने बताया कि मंगलवार की शाम काम से लौटने के बाद अन्नू घर के पास स्थित कुएं में हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान संभवतः उसका पैर फिसल गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह कुएं में गिर गया।
घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी। देर रात तक जब अन्नू घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुएं के पास चप्पल मिलने के बाद अनहोनी की आशंका जताई गई। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
सूचना मिलने पर गोमिया थाना से एसआई बिरसा बारा सदलबल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह शव का पंचनामा (इंक्वेस्ट) कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मौके पर गोमिया के मुखिया बलराम रजक सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।