अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा। जिले के भवनाथपुर अंचल अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैटरी एवं सोलर सिस्टम चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर केतार थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अरुण कुमार रवानी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने गुप्तचरों एवं अन्य विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का सफल उद्भेदन किया। इस दौरान पुलिस ने चार अभियुक्तों अनुप कुमार, जीतन राम, विकाश कुमार एवं सुनील राम को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की गई सामग्री भी बरामद कर ली है। बरामद सामान में एक लाल रंग की एक्साइड कंपनी की 12 वोल्ट बैटरी तथा एक काले एवं गुलाबी रंग की पावर जोन कंपनी की 12 वोल्ट बैटरी शामिल है। पुलिस के अनुसार बरामदगी के बाद मामले से संबंधित साक्ष्य और मजबूत हुए हैं। इस संबंध में केतार थाना कांड संख्या 87/25 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है और सहयोग करने का अनुरोध किया।