गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता,
विशुनपुरा (गढ़वा)। जिले के विशुनपुरा प्रखंड में लंबे समय से चली आ रही अतिक्रमण की समस्या पर अब प्रशासन ने सख़्त रुख अपना लिया है। क्षेत्र की मुख्य सड़क, लाल चौक, शंकर मोड़ और बैंक मोड़ के आसपास वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट और कड़ा अल्टीमेटम जारी किया है। अंचल अधिकारी खगेस कुमार एवं विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त रूप से यह कार्रवाई शुरू की गई है। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का समय देते हुए निर्देश दिया है कि वे 19 दिसंबर तक स्वयं अतिक्रमण हटा लें। निर्धारित समय सीमा के बाद 20 दिसंबर को जेसीबी मशीन के माध्यम से बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा।
प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई दुकानें, ठेला, झोपड़ी, करकट शेड, सीढ़ी, चबूतरा तथा अन्य सभी अस्थायी निर्माण किसी भी हाल में हटाने होंगे। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि तय तिथि के बाद किसी भी प्रकार की मोहलत नहीं दी जाएगी और कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष तथा सख़्ती के साथ की जाएगी।
अंचल अधिकारी खगेस कुमार ने बताया कि नाली के बाहर किए गए अतिक्रमण के कारण सड़कें अत्यधिक संकरी हो गई हैं। इससे प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की आवाजाही बाधित होती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया तो उस पर आने वाला संपूर्ण सरकारी खर्च संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा। विशेष रूप से शंकर मोड़, बैंक मोड़ और लाल चौक क्षेत्र में सख़्त निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। अल्टीमेटम जारी होते ही कई दुकानदार और ठेला संचालक स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाने में जुट गए हैं। निरीक्षण के दौरान अंचल निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, अमीन नीरज चौबे, अंचल सहायक अमल सिंह सहित अन्य विभागीय कर्मी मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया गया।