बरहरवा:संत जेवियर अंग्रेजी मीडियम स्कूल, मुंडली का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम स्कूल प्रबंधन की ओर से भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजमहल विधायक मो. ताजूउदीन उर्फ एम.टी. राजा मुख्य अतिथि के रूप में तथा संत जेवियर साहिबगंज के प्राचार्य अरुल दोज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वार्षिकोत्सव के दौरान स्कूली बच्चों ने हिंदी, अंग्रेजी, संथाली, तेलुगू सहित विभिन्न भाषाओं के गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। वहीं कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने गीत के माध्यम से देशभर में बढ़ते साइबर अपराध की जानकारी देते हुए उससे बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विधायक एम.टी. राजा ने कहा कि मुंडली मिशन के अंतर्गत संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय का क्षेत्र में विशेष महत्व है और बच्चों को ऐसे वार्षिकोत्सव कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए, इससे उनका मनोबल बढ़ता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से कक्षा 10 तक के सफल विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारुफ, फादर विक्टर, सिस्टर लीना एफ.सी., सुमित कुल्लू, पंकज घोष, मकसूद अंसारी, आशीष यादव, बासुदेव महतो, आशीष मंडल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे। मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद शराफत अंसारी ने किया।