
पंकज कुमार यादव,
गारू :बारेसाढ़ पिछले सप्ताह लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की चपेट में आए गारू प्रखंड अंतर्गत बारेसांढ़ घाटी में अब पथ निर्माण विभाग ने चेतावनी स्वरूप सूचना पट्ट लगाया है।
पथ निर्माण प्रमंडल, लातेहार के कार्यपालक अभियंता प्रभाकर सिंह के निर्देश पर यह बोर्ड लगाया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि यह इलाका संकीर्ण और भू-स्खलन संभावित क्षेत्र है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में भारी वर्षा के कारण घाटी क्षेत्र में भूस्खलन हुआ था, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई थी।कार्यपालक अभियंता श्री सिंह ने क्षेत्रवासियों और राहगीरों से अपील की है कि वे इस मार्ग से गुजरते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विभाग जल्द ही भूस्खलन प्रभावित स्थानों पर मरम्मत कार्य आरंभ करेगा ताकि आवागमन पूरी तरह से सुरक्षित हो सके।स्थानीय लोगों ने विभाग द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्ड की सराहना करते हुए कहा है कि इससे राहगीरों को समय रहते सतर्कता बरतने में मदद मिलेगी।