- 64वीं राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ, राज्यभर के खिलाड़ी जुटे खेलगांव में
रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित 64वीं राज्यस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का आज खेलगांव, रांची में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन ने किया। इस अवसर पर कांके विधायक सुरेश बैठा और रामगढ़ विधायक ममता देवी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री श्री सोरेन ने कहा कि “पढ़ाई के साथ खेल और संस्कृति का विकास जरूरी है। आज के दौर में खेल और संस्कृति भी रोजगार का माध्यम बन चुके हैं। राज्य सरकार खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग दे रही है।”
खेल नीति के जरिए खिलाड़ियों को मिल रहा बढ़ावा
मंत्री ने बताया कि खेल शिक्षकों की नियुक्ति के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मान राशि एवं सहयोग राशि भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पटमदा की पाइप बैंड टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
विधायकों ने खिलाड़ियों को दिया संबल
विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि “खेलों से अनुशासन और नेतृत्व का विकास होता है। सरकार की नई नीति से खिलाड़ियों को अब अधिक अवसर मिल रहे हैं।” वहीं विधायक ममता देवी ने कहा कि “झारखंड के बच्चे शिक्षा के साथ खेलों में भी अव्वल हैं। राज्य सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को नई ऊंचाई देने का काम कर रही है।”
झारखंड बनेगा ‘फुटबॉल कैपिटल’: निदेशक शशि रंजन
राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने बताया कि विभाग झारखंड को “फुटबॉल कैपिटल” बनाने की दिशा में कार्यरत है। “हर महीने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता कराई जाएगी और उत्कृष्ट खिलाड़ियों का डाटा खेल विभाग से साझा किया जाएगा ताकि उन्हें राष्ट्रीय मंच मिले।”
संस्कृति और देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
उद्घाटन समारोह में कस्तूरबा गांधी विद्यालय कांके की छात्राओं ने ‘मोर सुंदर झारखंड रे’ पर लोकनृत्य प्रस्तुत किया, वहीं पटमदा की पाइप बैंड टीम ने देशभक्ति धुनों से समां बांध दिया। कार्यक्रम का संचालन चंद्रदेव सिंह और जय होरो ने किया।
दूसरे दिन के मुकाबलों के परिणाम
अंडर-15 बालक वर्ग
- संथाल ने कोल्हान को 5-0 से हराया
- उत्तरी छोटानागपुर ने दक्षिणी छोटानागपुर को 1-0 से हराया
- कोल्हान बनाम पलामू – मैच 1-1 से ड्रा
- संथाल बनाम दक्षिणी छोटानागपुर – गोलरहित ड्रॉ
अंडर-17 बालक वर्ग
- उत्तरी छोटानागपुर ने कोल्हान को 5-0 से हराया
- संथाल ने पलामू को 4-0 और कोल्हान को 2-0 से हराया
अंडर-17 बालिका वर्ग
- संथाल ने कोल्हान को 9-0 से रौंदा
- दक्षिणी छोटानागपुर ने संथाल को 2-0 से हराया
- उत्तरी छोटानागपुर बनाम दक्षिणी छोटानागपुर – गोलरहित ड्रॉ
- पलामू बनाम कोल्हान – गोलरहित ड्रॉ