लातेहार। गुरुवार 12 मार्च 2026 को डीवीसी तुबेद कोयला खान के सीएसआर के तहत डीही पंचायत के डीही ग्राम स्थित पंचायत सचिवालय परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डीवीसी की मेडिकल टीम, सिटी हॉस्पिटल लातेहार तथा डीही ग्राम पंचायत के संयुक्त प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
डीवीसी के वरिष्ठ महाप्रबंधक (खनन) सह परियोजना प्रधान अरविन्द कुमार ठाकुर ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजन टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
डीवीसी की उप महाप्रबंधक (चिकित्सा) डॉ. अलका लकड़ा ने बताया कि डीवीसी द्वारा लगातार चौथे वर्ष निःशुल्क नेत्र जांच सह मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह शिविर परियोजना प्रभावित विभिन्न गांवों में 12 मार्च से 16 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है।
शिविर के पहले दिन कुल 77 लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई, जिसमें 22 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई। जांच के बाद सभी मरीजों को चश्मा और दवाइयों का वितरण किया गया। डीवीसी की ओर से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. सुदर्शन ने मरीजों की जांच की और बताया कि जिन लोगों में मोतियाबिंद पाया गया है, उनका निःशुल्क ऑपरेशन सिटी हॉस्पिटल लातेहार में कराया जाएगा।
इस अवसर पर डीवीसी की ओर से प्रबंधक (मानव संसाधन) रवि प्रकाश तिवारी, सहायक प्रबंधक (सीएसआर) संजीव कुमार, फार्मासिस्ट ब्रजेश कुमार, सिस्टर सुधा कुमारी तथा सिटी हॉस्पिटल लातेहार की मेडिकल टीम उपस्थित रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीही पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी, मुखिया प्रतिनिधि संदीप उरांव तथा पंचायत समिति सदस्य मो. उमर आलम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।