रांची:रांची पुलिस ने अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद बाजार स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त शराब की कम्पोजिट दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा, 19 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस संबंध में अनगड़ा थाना कांड संख्या 22/26 दिनांक 04.03.2026 के तहत धारा 109/324/351/352/308(5)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि गेतलसूद बाजार स्थित शराब दुकान पर तीन अपराधी फायरिंग कर रहे हैं। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 मार्च की सुबह जोन्हा स्थित मुर्गी पोल्ट्री फॉर्म के पास छापेमारी कर मामले में संलिप्त तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव सिंह मुंडा (35), गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव (30) और भोलू सोनी उर्फ भोलू वर्मा (27) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 3 मार्च को तीनों गेतलसूद स्थित शराब दुकान पहुंचे थे और वहां के कर्मचारियों को धमकाते हुए शराब की बोतल मांगने लगे। जब कर्मचारियों ने शराब देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दुकान पर फायरिंग कर दी। इस दौरान दुकान के कर्मचारी किसी तरह काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इन पर विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।