घाघरा (गुमला)।
घाघरा प्रखंड के करंजटोली गांव में कालीकरण सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त, गुमला को एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आवेदन की जानकारी देते हुए नवडीहा पंचायत की उप मुखिया विनीता कुमारी ने बताया कि करंजटोली से गुटवा पुल तक तथा करंजटोली मुख्य पथ से केराटोली होते हुए महुआ टोली, बरटोली एवं करंजटोली से खटंगा नवा टोली तक कुल लगभग 10 किलोमीटर सड़क के कालीकरण की मांग की गई है। यह सड़क गुटवा होते हुए सीधे सिसई प्रखंड को जोड़ती है, साथ ही बद्री हाई स्कूल तक आवागमन का मुख्य मार्ग भी है।
उन्होंने आगे बताया कि पिच रोड से खटंगा होते हुए अड़ियां नदी तक लगभग 4 किलोमीटर लंबा यह पथ बरसात के मौसम में अत्यंत खराब एवं कीचड़मय हो जाता है। इससे आम ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को सड़क तक लाने, किसानों को तथा मुर्गी व्यवसाय से जुड़े लोगों को काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण से घाघरा एवं सिसई प्रखंड आपस में जुड़ जाएंगे, जिससे दूरी कम होगी तथा लगभग 10 से 15 हजार ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
बताया गया कि उक्त पथ निर्माण की मांग को लेकर 28 नवंबर को ग्रामीणों द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किया गया था, जिसमें वरीय पदाधिकारियों द्वारा बरसात समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था। आश्वासन के बाद ग्रामीण मान गए थे, लेकिन अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि उक्त पथ का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
आवेदन देने वालों में पंकज भगत, बुधु उरांव, जयराम उरांव, सीमुन्नी देवी, गणेश बड़ाइक, ईश्वर सिंह, विनीता उरांव, तारा देवी, सरस्वती देवी सहित कई ग्रामीण शामिल थे।