गोमिया : स्थानीय राधा कृष्ण मंदिर परिसर में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संजीव कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य रूप से पानी टंकी में कार्यरत ग्राम जल स्वच्छता समिति के अस्थायी कर्मियों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ग्राम जल स्वच्छता समिति के अंतर्गत वर्षों से कार्यरत कर्मचारी आज भी अस्थायी स्थिति में काम करने को मजबूर हैं। इन्हें सरकार द्वारा स्थायी किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर 25 नवंबर को संबंधित मंत्री को एक पत्र सौंपा गया था, जिस पर मंत्री द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि मामले को कैबिनेट में रखा जाएगा। हालांकि, आज तीन माह से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद न तो कैबिनेट में इस पर चर्चा हुई और न ही कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने आई है।
बैठक में मौजूद लोगों ने सरकार के इस रवैये पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि यदि शीघ्र कोई निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा। उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि अस्थायी कर्मियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें जल्द से जल्द स्थायी किया जाए, ताकि उनके परिवारों का जीवन सुरक्षित हो सके।
मौक़े पर संतोष कुमार, अमित कुमार, मुकेश गुप्ता, राहुल कुमार, छोटू राम एवं अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम जल स्वच्छता समिति से जुड़े कर्मी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।