लातेहार।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।
जन शिकायत निवारण के क्रम में उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की शीघ्र जांच कराते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम अम्वाटीकर, पो०–चुगरु निवासी श्री सोमारू सिंह ने सहयोग राशि उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उन्होंने बताया कि वे शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं एवं आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर स्थिति में जीवनयापन कर रहे हैं। मामले को संज्ञान में लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदक की स्थिति की जांच कर राज्य सरकार की दिव्यांगजन कल्याण, स्वरोजगार अथवा रोजगार सृजन से संबंधित योजनाओं के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं ग्राम अम्वाटीकर, पो०–चुगरु, थाना छिपादोहर निवासी जितेन्द्र परहिया ने आवेदन के माध्यम से बताया कि वे गंभीर बीमारी कैंसर एवं पेट की पथरी से पीड़ित हैं। उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को आवेदन अग्रसारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आज के जन शिकायत निवारण में भूमि विवाद, जमीन अधिग्रहण, मानसिक रूप से पीड़ित बच्ची के इलाज सहित अन्य मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। सभी शिकायतकर्ताओं की बात सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने बताया कि आमजनों की समस्याओं के समाधान एवं शिकायतों के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जन शिकायत निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।