रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, आगरा (गुमला)
गुमला जिले के घाघरा-नेतरहाट मुख्य सड़क पर सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान लादूप सेन्हा निवासी अरशवद राय उर्फ राजा के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरशवद राय घाघरा में किराए के मकान में रहते थे। सोमवार शाम बस से उतरकर वे अपने कमरे की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क किनारे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा और तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पता चला कि तेज रफ्तार बाइक सवार ने पैदल चल रहे युवक को सीधे टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।