रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा गुमला
घाघरा प्रखंड के मलगो ग्राम में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय रामजन्म साहू ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकले।
सुबह दरवाज़ा नहीं खुला, तब हुआ शक
परिजनों के अनुसार, रामजन्म मंगलवार की शाम तक अपनी मिल और दुकान में सामान्य रूप से काम कर रहे थे। दुकान बंद कर वे रात में अपने कमरे में सोने चले गए।
सुबह जब काफी देर तक दरवाज़ा नहीं खुला, तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
संदेह होने पर परिजनों ने दरवाज़ा तोड़ा, तो देखा कि वह छप्पर की कंडी से रस्सी के सहारे लटके मिले। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग दहाड़ मारकर रोने लगे और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच जारी है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।