कोटालपोखर (संवाददाता):
कोटालपोखर थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित लॉटरी टिकटों की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। कोटालपोखर बाजार, मयूरकोला, पथरिया सहित आसपास के गांवों में मेहनत-मजदूरी करने वाले लोग धनवान बनने के लालच में अपनी दिनभर की कमाई लॉटरी टिकटों पर खर्च कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मजदूर वर्ग के लोग अपनी डिहाड़ी का बड़ा हिस्सा लॉटरी खरीदने में गंवा रहे हैं, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। शाम को घर लौटने पर पति-पत्नी के बीच विवाद और तनाव आम बात हो गई है। कई घरों में लॉटरी को लेकर रोजाना कलह की स्थिति बन रही है।
सूत्रों का कहना है कि स्थानीय बाजार में जाली लॉटरी टिकट छापकर एजेंटों के माध्यम से गांव-गांव घूमकर बेचे जा रहे हैं। इससे भोले-भाले मजदूर ठगी का शिकार हो रहे हैं। सुबह होते ही एजेंट गांवों में फेरी लगाकर टिकट बेचते नजर आते हैं।
लॉटरी के इस जाल में फंसकर कई परिवार अपनी जमा पूंजी तक गंवा चुके हैं और कंगाली की कगार पर पहुंच गए हैं। बावजूद इसके, प्रशासन की ओर से अब तक इस पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित लॉटरी के इस अवैध कारोबार पर जल्द सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब मजदूरों को इस ठगी से बचाया जा सके।