रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा थाना क्षेत्र के सहीजाना मोड़ के पास हुई सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने संजय उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं बलिराम गोप की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोनों युवक सहीजाना कुंबाटोली के रहने वाले बताए गए हैं। परिजनों के अनुसार, संजय उरांव राज मिस्त्री का काम करता था और अपने साथी बलिराम गोप के साथ मोटरसाइकिल से घाघरा से घर लौट रहा था। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक टेंपो ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद टेंपो चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।