घाघरा थाना परिसर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक शुक्रवार को इंस्पेक्टर विनय कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महाशिवरात्रि पूजा को धूमधाम एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान चपका, सरकोट, आदर एवं देवकी बाबा धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, रात्रि में निकलने वाली शिव बारात एवं कलश यात्रा की जानकारी अधिकारियों को दी गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि कलश यात्रा के दौरान प्रमुख सड़कों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सभी पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
थानेदार मोहन कुमार सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना मिले तो तत्काल थाना को अवगत कराएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में अंचलाधिकारी खाखा सुशील कुमार, इंस्पेक्टर विनय कुमार, थानेदार मोहन कुमार सिंह, अनिरुद्ध चौबे, विपिन बिहारी सिंह, सूचित गोस्वामी, योगेंद्र भगत एवं अमित ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।