बरहरवा।उपायुक्त के निर्देश पर अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत के नेतृत्व में चार सदस्यीय जांच कमेटी ने सोमवार को प्रखंड के बिंदरी बंदरकोला मौजा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बंदरकोला बालिका आवासीय विद्यालय एवं मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया।
जांच टीम में अनुमंडल पदाधिकारी सर जॉन आईन्द, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू एवं सीओ नागेश्वर साव शामिल थे।
अपर समाहर्ता ने बताया कि उप प्रमुख कैलाश प्रसाद ने उपायुक्त सहित राज्य के कई अधिकारियों को शिकायत भेजी थी। शिकायत में कहा गया है कि बिंदरी बंदरकोला क्षेत्र में अवैध खनन एवं बारूद से होने वाली ब्लास्टिंग के कारण आस-पास स्थित आवासीय विद्यालयों की भवन संरचना और वहां रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
शिकायत के अनुसार—
- ब्लास्टिंग के तेज शोर और पत्थर क्रशर मशीनों से निकलने वाली धूल के कारण छात्राएं ध्वनि, वायु और जल प्रदूषण की शिकार हो रही हैं।
- रात में होने वाली ब्लास्टिंग से छात्रावास में रहने वाली छात्राओं का पठन-पाठन बाधित होता है और वे लगातार भयभीत रहती हैं।
- कस्तूरबा विद्यालय, बंदरकोला बालिका आवासीय विद्यालय एवं छात्रावासों की भवन संरचना भी क्षतिग्रस्त होने की बात कही गई है।
जांच कमेटी के सदस्यों ने तीनों विद्यालयों में पहुंचकर स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।
अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र ही उपायुक्त को सौंपी जाएगी।