0 0 lang="en-US"> गोवा के मशहूर नाइटक्लब में भीषण आग: 25 की मौत,कई...
NEWS APPRAISAL

गोवा के मशहूर नाइटक्लब में भीषण आग: 25 की मौत,कई घायल;अवैध निर्माणऔर सुरक्षा खामियों पर उठे सवाल

Read Time:5 Minute, 18 Second
गोवा के मशहूर नाइटक्लब में भीषण आग: 25 की मौत,कई घायल;अवैध निर्माणऔर सुरक्षा खामियों पर उठे सवाल

नई दिल्ली। गोवा के लोकप्रिय नाइटक्लब ‘Birch By Romeo Lane’ में शनिवार देर रात हुए भयावह हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ के दौरान क्लब के अंदर मौजूद करीब 100 पर्यटक मस्ती कर रहे थे, तभी अचानक डांस फ्लोर के पास आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर धुएं और आग की चपेट में आ गया।

डांसर के पीछे कंसोल में लगी आग, मचा हड़कंप

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिखा कि एक डांसर स्टेज पर परफॉर्म कर रही थी, तभी उसके पीछे कंसोल एरिया में आग लग गई। शुरुआत में स्टाफ आग को हल्का समझते हुए सिर्फ लैपटॉप हटाते दिखे, जिससे भीड़ को भी स्थिति सामान्य लगी। लेकिन कुछ ही क्षणों में आग तेजी से फैलने लगी और अफरा-तफरी मच गई।

जैसे-जैसे लपटें छत तक पहुंचीं, संगीतकार और स्टाफ अपने स्थान छोड़कर बाहर भागने लगे। कई पर्यटक तो किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि कुछ लोग नीचे बने किचन की ओर दौड़े और वहीं फंस गए। घने धुएं के कारण उनमें से कई की मौत दम घुटने से हो गई।

25 शव बरामद, कई घायल

रात करीब 1 बजे लगी इस आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड को कई घंटे लगे। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक 25 शव बरामद किए जा चुके थे। मृतकों में क्लब कर्मचारी और पर्यटक शामिल हैं। छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कई शवों की पहचान अभी बाकी है।

संकरी गली बना बड़ी बाधा

रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी मुश्किल क्लब की लोकेशन रही। यह एक बेहद संकरी गली में बना था, जिसकी वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां क्लब तक पहुंच ही नहीं सकीं। उन्हें लगभग 400 मीटर दूर रोकना पड़ा, जिससे राहत कार्य काफी धीमा हो गया।

क्लब की प्रवेश और निकास सड़क भी बेहद संकरी थी। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया, और अंदर धुआं भरते ही कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े।

सीएम सावंत का बयान और जांच के आदेश

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना को “बेहद दुखद” बताते हुए कहा कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि आग ऊपरी मंजिल से शुरू हुई और संकरे दरवाजों की वजह से लोग बाहर नहीं निकल पाए। जो लोग नीचे की ओर गए, हवा न मिल पाने के कारण उनकी मौत हो गई।

सरकार ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। नाइटक्लब के जनरल मैनेजर और मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए गए हैं। साथ ही सीएम ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह कहानी

हैदराबाद की पर्यटक फातिमा शेख ने बताया कि जैसे ही आग लगी, क्लब में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग नीचे भागे और वहीं फंस गए। उन्होंने कहा कि क्लब के अंदर पाम के पत्तों से बनी कई अस्थायी संरचनाएं थीं, जो तुरंत आग की चपेट में आ गईं और आग तेजी से फैल गई।

अवैध निर्माण पर पंचायत ने उठाए सवाल

अरपोरा-नगोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर ने बताया कि क्लब के पार्टनर्स के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और वे एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दे रहे थे। पंचायत द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि क्लब को निर्माण की अनुमति कभी प्राप्त ही नहीं हुई थी।

पंचायत ने क्लब को ढहाने का नोटिस भी जारी किया था, लेकिन उच्च अधिकारियों ने कार्रवाई रोक दी। सरपंच ने कहा कि “कई नियमों का उल्लंघन हो रहा था और अब इस घटना के बाद हमें और सतर्क रहने की आवश्यकता है।”

सोर्स जागरण

Happy
0 0 %
Sad
0 0 %
Excited
0 0 %
Sleepy
0 0 %
Angry
0 0 %
Surprise
0 0 %
Exit mobile version