0 0 lang="en-US"> तेजस एक्सप्रेस पर पथराव मामले का खुलासा, आरपीएफ ने आरोपी...
NEWS APPRAISAL

तेजस एक्सप्रेस पर पथराव मामले का खुलासा, आरपीएफ ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

Read Time:2 Minute, 40 Second
तेजस एक्सप्रेस पर पथराव मामले का खुलासा, आरपीएफ ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार

बरहड़वा।
साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड के कल्याणचक-तीनपहाड़ स्टेशन के बीच 26 सितंबर को ट्रेन संख्या 20502 डाउन तेजस एक्सप्रेस पर हुए पथराव मामले का खुलासा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा ने कर लिया है। इस मामले में आरपीएफ ने बरहेट थाना क्षेत्र के एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि घटना के बाद से ही टीम लगातार आरोपी की तलाश में लगी थी। गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई जलेश्वर दुबे के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। मंगलवार दोपहर टीम ने कल्याणचक-तीनपहाड़ रेलवे सेक्शन के ओएचई मस्त नंबर 193/45-46 के पास से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान करण तूरी (29 वर्ष), निवासी बरहेट थाना क्षेत्र, के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि करीब दो सप्ताह पहले शराब के नशे में उसने तीनपहाड़ स्टेशन के पास गुजर रही डाउन तेजस एक्सप्रेस पर पथराव किया था। इस घटना में एसी कोच की खिड़की का शीशा टूट गया था।

आरपीएफ के अनुसार, घटना के समय आरोपी ने गश्ती टीम को देखकर भागने की कोशिश की थी। इसके बाद आरपीएफ ने स्थानीय सूत्रों की मदद से उसकी पहचान की और अंततः मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक मजिस्ट्रेट साहिबगंज के न्यायालय में पेश किया गया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह की हरकतों से सरकारी संपत्ति को नुकसान और यात्रियों की जान को खतरा होता है।

Happy
0 0 %
Sad
0 0 %
Excited
0 0 %
Sleepy
0 0 %
Angry
0 0 %
Surprise
0 0 %
Exit mobile version