0 0 lang="en-US"> मुख्यमंत्री ने निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी को दी...
NEWS APPRAISAL

मुख्यमंत्री ने निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी को दी विदाई,अविनाश कुमार ने संभाला पदभार

Read Time:3 Minute, 0 Second
मुख्यमंत्री ने निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी को दी विदाई,अविनाश कुमार ने संभाला पदभार

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में एक भावभीने समारोह में मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती अलका तिवारी को विदाई दी। इस मौके पर उन्होंने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमती तिवारी ने अपनी दक्षता, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता से राज्य प्रशासन को नई दिशा दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव ने अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव का उपयोग करते हुए न केवल राज्य सरकार की नीतियों और योजनाओं को धरातल पर उतारा, बल्कि शासन-प्रशासन की परंपराओं को भी और अधिक सुदृढ़ किया। उनके नेतृत्व में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन संभव हुआ। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को लाभान्वित करती रहेंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के नए मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार का अनुभव, कार्यकुशलता और दूरदर्शिता राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में राज्य सरकार की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में और तेजी आएगी तथा जनता को योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से मिलेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी श्रीमती अलका तिवारी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम किया। उनकी प्रशासनिक समझ और नेतृत्व क्षमता से राज्य को कई क्षेत्रों में लाभ मिला है।

राज्य सरकार ने इस मौके पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति सम्मान प्रकट किया। जहां एक ओर विदाई ले रही मुख्य सचिव को उनके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद दिया गया, वहीं दूसरी ओर नए मुख्य सचिव के प्रति उम्मीद जताई गई कि वे झारखंड को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएँगे।

Happy
0 0 %
Sad
0 0 %
Excited
0 0 %
Sleepy
0 0 %
Angry
0 0 %
Surprise
0 0 %
Exit mobile version