
ranchi:-गृहमंत्री अमित शाह रोड शो के लिए शुक्रवार को रांची पहुंचे तो मतदाताओं के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का उत्साह भी बढ़ा हुआ था।पखवाड़े भर के भीतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के रोड शो ने रांची के साथ झारखंड की 14 सीटों का भाजपा के लिए महत्व बता दिया।भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी जिलों के दौरे से लौट कर शुक्रवार को रांची पहुंचे थे। अमित शाह के रोड शो से पहले उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जबर्दस्त उत्साह है।भाजपा का नेतृत्व भी इस बात को समझता है। इसलिए जनता का आभार जताना आवश्यक है। पुरानी रांची के नाम से पहचाना जाने वाले चुटिया अमित शाह के रोड शो के दौरान भाजपा के रंग में रंगा हुआ था।कार्यक्रम को मौसम का भी साथ मिला और दिन के तीन बजे से आसमान में बादल छाए रहे। यूं तो गृहमंत्री अमित शाह का रोड शो रांची लोकसभा क्षेत्र के लिए था, लेकिन पड़ोस की हजारीबाग और जमशेदपुर लोकसभा सीट पर भी इसका असर पड़ना स्वाभाविक है। इंटरनेट मीडिया के इस दौर में लोग सूचनाओं का आदान प्रदान भी तेजी से करते हैं।
चुटिया के रहने वाले व्यवसायी अरविंद महतो अमित शाह के रोड शो का लाइव प्रसारण अपने फेसबुक पेज पर कह रहे थे। उन्होंने बताया कि लाइव देखने वालों में ज्यादातर उनके सगे संबंधी हैं जो दूसरे जिलों में रहते हैं।