लखनऊ , (आरएनएस)। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से जुडऩे के लिए भारतीय जनता पार्टी का अभियान रविवार से शुरू हो रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह लखनऊ में लाभार्थियों से संपर्क कर अभियान में शामिल होंगे।
प्रदेश के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक समेत सभी जन प्रतिनिधि और कार्यकर्ता संपर्क कर लाभार्थियों के घर पर ‘लाभार्थियों की समृद्धि, मोदी गारंटीÓ का स्टीकर चिपकाएंगे और मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पत्रक सौंपेंगे।
अभियान के दौरान निर्धारित नंबर पर मिस्ड कॉल कर लाभार्थी को पार्टी से जोड़ा जाएगा। पार्टी के प्रदेश महासचिव गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों का एक बड़ा वर्ग भाजपा से मजबूती से जुड़ा हुआ है। पार्टी हर लाभार्थी के घर पर दस्तक देगी और फीडबैक लेगी
00
(द्वारका)पीएम मोदी ने किया सबसे लंबे केबल ब्रिज सुदर्शन सेतु का उद्घाटन, देश को देंगे पांच नए एम्स की सौगात
द्वारका (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने द्वारका में ओखा मुख्यभूमि और द्वारका को जोडऩे वाले सुदर्शन सेतु का उद्घाटन किया।गुजरात दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी राज्य को 52 हजार करोड़ रुपये की सौगात देंगे। साथ ही वे राजकोट एम्स को भी जनता को समर्पित करेंगे।
बता दें कि केबल-आधारित सुदर्शन सेतु ओखा मुख्यभूमि और द्वारका को जोड़ता है। ये लगभग 2.32 किमी लंबा पुल है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेट द्वारका मंदिर में पूजा और दर्शन किए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के इनडोर-रोगी विभाग का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य और देश को कई परियोजनाओं की सौगात देने वाले हैं। इस यात्रा का लक्ष्य देश भर में स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और पर्यटन के क्षेत्रों में 52,250 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करना है। प्रधानमंत्री आज राजकोट (गुजरात), बठिंडा (पंजाब), रायबरेली (उत्तर प्रदेश), कल्याणी (पश्चिम बंगाल) और मंगलागिरी (आंध्र प्रदेश) में स्थित पांच नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन करेंगे। यह समारोह राजकोट में होगा जबकि अन्य स्थानों से वह वर्चुअली जुड़ेंगे।
(नई दिल्ली)अदन की खाड़ी में व्यापारिक जहाज पर ड्रोन से हमला, भारतीय युद्धपोत ने बचाया
नई दिल्ली (आरएनएस)। भारतीय नौसेना ने कथित ड्रोन हमले में आग लगने के बाद पलाऊ के ध्वज वाले व्यापारिक जहाज एमवी आइलैंडर को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की है। नौसेना ने बताया कि घटना 22 फरवरी को हुई।
नौसेना ने एक बयान में कहा, आपात कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय नौसेना का विध्वंसक, समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए अदन की खाड़ी में तैनात मिशन 22 फरवरी की दोपहर जहाज के आसपास पहुंच गया। इसमें कहा गया है कि भारतीय नौसेना के विस्फोटक युद्ध सामग्री विशेषज्ञ जहाज पर चढ़े और सुनिश्चित किया कि कोई और जोखिम नहीं है।
बयान में कहा गया है, जहाज को आगे के पारगमन के लिए मंजूरी दे दी गई थी। मास्टर के अनुरोध पर, मेडिकल टीम भी जहाज पर चढ़ गई और एक घायल चालक दल के सदस्य को चिकित्सा सहायता प्रदान की। इसमें कहा गया है कि भारतीय नौसेना के जहाजों के अथक प्रयास व्यापारिक नौवहन और नाविकों की सुरक्षा के प्रति नौसेना की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।
(नई दिल्ली)सिंघु और टिकरी बॉर्डर खुलने शुरू, कंक्रीट की दीवार तोड़ रही पुलिस; लोगों को मिलेगी राहत
नई दिल्ली (आरएनएस)। किसान आंदोलन के बीच दिल्ली पुलिस ने बड़ा फैसला किया है। दिल्ली पुलिस टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए लगाए बैरिकेड को अस्थाई तौर पर हटा रही है ताकि रास्ते को आम यातायात के लिए खोला जा सके। बताया जा रहा है कि पुलिस सड़क के दोनों तरफ का एक हिस्सा आवाजाही के लिए खोल रही है। इससे लोगों को दिल्ली आवागमन में काफी राहत मिल सकेगी। किसानों के दिल्ली में प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस ने दोनों बॉर्डर पर कंक्रीट की दीवार से बैरिकेडिंग की थी।
बता दें कि न्यूनतम समर्थन मूल्य समेत करीब दर्जन भर मांगों को लेकर किसान अभी भी पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसानों ने दो बार हरियाणा का बॉर्डर पार करने की कोशिश की, लेकिन हरियाणा पुलिस ने खदेड़ दिया। जिसके बाद से किसान शंभू बॉर्डर पर ही डटे हुए हैं और दिल्ली कूच करने का फैसला दो दिनों के लिए टाल दिया है। किसान नेताओं ने कहा था कि वे 29 फरवरी तक दिल्ली कूच नहीं करेंगे।