
लातेहार :- चंदवा थाना क्षेत्र के भूषाढ़ गांव में मंगलवार की रात आपसी विवाद में संतोष लोहरा ने अपनी पत्नी सुषमा देवी (25 वर्ष) की पिटायी कर दी, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
घटना के संबंध बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पति संतोष लोहरा ने पत्नी सुषमा देवी की जमकर पिटायी कर दी, जिससे वह जमीन पर गिर गयी। गिरने के बाद काफी देर तक वह बेहोशी की हालत में पड़ी रही। जब उसके बच्चों ने उसे उठाने का प्रयास किया तो वह नहीं उठी। इसके बाद इसकी सूचना आसपास के लोगों को मिली। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रेफर करने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गयी।
चंदवा पुलिस ने बताया कि संतोष की पिटायी से सुषमा जमीन पर गिर गयी। इसके बाद जानकारी मिलने पर पहुंचे आसपास के लोग उसे चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। हालाँकि, कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गयी।
सुषमा के मायके वालों ने हत्या की आशंका जतायी है। वहीं संतोष के परिजनों का कहना है कि सुषमा पहले से ही बीमार थी। इधर पुलिस ने बताया कि आरोपी संतोष को हिरासत में ले लिया गया है। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।